व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो–बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार – डॉ. राजीव बिंदल

Main Photo Section

Main Content Section

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने धर्मशाला में आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता सड़कों पर उतरकर एक स्वर में कह रही है — “व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो–बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार।” यह रैली नहीं, बल्कि कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ जनता का जनआक्रोश है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं और जनता ने हुंकार भर दी है कि चुनाव चाहे 6 महीने में आएं या 2 साल में, इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 3 सालों में हिमाचल प्रदेश विकास से नहीं, बल्कि विनाश की ओर बढ़ा है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को स्टेडियम में आने से रोका गया, जगह-जगह नाके लगाए गए और लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की गई। डॉ. बिंदल ने सवाल किया कि कांग्रेस बताए कि वह आखिर किस-किस को रोकेगी? जनता को? सच्चाई को? या अपने पतन को?

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कांगड़ा सहित पूरे हिमाचल के साथ अन्याय किया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय को उठाने की साजिश रची जा रही है, प्रदेश की कीमती जमीनें कौड़ियों के भाव बेची जा रही हैं, युवाओं से रोजगार छीन लिया गया है और महिलाओं के साथ विश्वासघात किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस के इन पापों को कभी माफ नहीं करेगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन हकीकत में हिमाचल की पूरी शासन व्यवस्था का पतन कर दिया है। आज प्रदेश भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अपराध, महंगाई और प्रशासनिक अराजकता की मार झेल रहा है।

उन्होंने गर्जना करते हुए कहा कि अब भाजपा तूफान की तरह हिमाचल में आएगी और कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर देगी। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की नाकामियों, झूठ और भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे और जनता को कांग्रेस की सच्चाई से अवगत कराएंगे।

रैली में उमड़े जनसैलाब ने यह साफ कर दिया कि हिमाचल की जनता का विश्वास अब पूरी तरह से कांग्रेस से उठ चुका है और परिवर्तन की लहर भाजपा के पक्ष में तेज हो चुकी है।

Gallery Section

Recent Posts

Scroll to Top