“चेस्टर हिल से छात्रा हत्याकांड तक—कांग्रेस राज में ‘हिमाचल ऑन सेल’, कानून व्यवस्था ध्वस्त: डॉ. बिंदल”
“छह लाख आय वाला खरीदे करोड़ों की जमीन, श्मशान में बैठा आरोपी—यह है कांग्रेस का ‘व्यवस्था पतन मॉडल”
Main Photo Section
Main Content Section
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा ग्रामीण एवं शहरी मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की जनविरोधी और निकम्मी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में सामने आए चेस्टर हिल जमीन घोटाले और 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या को जोड़ते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आज कांग्रेस शासन में “अराजकता और अव्यवस्था” का प्रतीक बन चुका है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार मात्र ₹6 लाख सालाना आय दिखाने वाला व्यक्ति करोड़ों रुपये की 275 बीघा जमीन खरीद लेता है—यह सीधा संकेत है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किस स्तर तक पहुंच चुका है।
“यह सिर्फ जमीन का मामला नहीं, बल्कि हिमाचल की आत्मा को बेचने की साजिश है। कांग्रेस राज में हिमाचल ‘ऑन सेल’ लगा हुआ है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह संदिग्ध भूमिका में है और अधिकारी आपसी टकराव में उलझे हुए हैं, जिसके कारण न तो भ्रष्टाचार पर कार्रवाई हो रही है और न ही जनता को न्याय मिल रहा है।
“जहां अधिकारी ही एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हों, वहां शासन नहीं—अराजकता चलती है,” उन्होंने कहा।
सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की नृशंस हत्या का जिक्र करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है।
“जिस प्रकार आरोपी को 15 दिनों तक श्मशान में बैठा देखा जाता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी, यह कांग्रेस सरकार की नाकामी और कानून व्यवस्था के पूर्ण पतन का जीता-जागता उदाहरण है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
“आज हिमाचल में बेटी सुरक्षित नहीं, जमीन सुरक्षित नहीं और आम आदमी भी सुरक्षित नहीं—यही कांग्रेस का असली चेहरा है,” उन्होंने तीखा प्रहार किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि एक तरफ भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े मामले सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार अपराधों को ‘आइसोलेटेड घटना’ बताकर अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।
“कांग्रेस का ‘व्यवस्था परिवर्तन’ अब ‘व्यवस्था पतन’ में बदल चुका है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में माफिया राज चरम पर है—चिट्टा माफिया, खनन माफिया, जमीन माफिया और ट्रांसफर माफिया सरकार पर हावी हैं।
“यह सरकार जनता की नहीं, माफियाओं की सरकार बन चुकी है,” उन्होंने आरोप लगाया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, जिला अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, जिला महामंत्री अभिमन्यु भट्ट एवं राजेश रानू, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश पठानिया, शहरी मंडल अध्यक्ष गोपेश शर्मा सहित विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब कुछ देख रही है और समय आने पर कांग्रेस सरकार को इसका जवाब जरूर देगी।
“यह सरकार अब नैतिक रूप से सत्ता में रहने का अधिकार खो चुकी है—हिमाचल की जनता बदलाव का मन बना चुकी है,” उन्होंने कहा।











































































