कांग्रेस की झूठी गारंटियों का हिसाब मांग रही जनता, नगर निकाय चुनावों में मिलेगा जवाब : डॉ. बिंदल

42 महीने बाद भी महिलाओं को नहीं मिले ₹1500, बेरोजगार युवाओं को नहीं मिली नौकरी , साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार नाहन और प्रदेश को कुछ नहीं दे सकी : डॉ. राजीव बिंदल : डॉ. बिंदल

विकास कार्य ठप, नगरपालिकाओं और पंचायतों का पैसा भी सरकार ने रोक लिया : भाजपा

Main Photo Section

Main Content Section

  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में नगर परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की झूठी गारंटियों, फरेब और धोखे को पूरी तरह समझ चुकी है और आने वाले नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में इसका करारा जवाब देने जा रही है। उन्होंने कहा कि 17 मई को नाहन नगर परिषद सहित प्रदेश की 23 नगर परिषदों, 25 ग्राम पंचायतों और चार नगर निगमों में होने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना जनमत स्पष्ट रूप से व्यक्त करेगी।
  डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नेताओं ने घर-घर जाकर भारी-भरकम गारंटियां दी थीं। बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाए गए और पक्की नौकरी तथा पुरानी पेंशन के वादे किए गए, लेकिन 42 महीने बीत जाने के बाद भी किसी बेरोजगार को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा हुआ और निराश महसूस कर रहा है।
  उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं से वादा किया था कि उन्हें हर महीने ₹1500 दिए जाएंगे और यह राशि दिसंबर 2022 से मिलनी शुरू हो जाएगी। लेकिन आज 42 महीने बाद भी महिलाओं के खातों में एक रुपया तक नहीं आया। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब पूछ रही हैं कि उनके ₹60,000 कहां गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल वोट लेने के लिए झूठी गारंटियों का सहारा लिया और सत्ता में आने के बाद जनता को भूल गई।
  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देने के बजाय कांग्रेस सरकार ने महंगाई का बोझ बढ़ाने का काम किया। बिजली, पानी, एचआरटीसी किराया, राशन डिपो का सामान, सीमेंट, एंट्री टैक्स और डीजल-पेट्रोल पर भारी टैक्स लगाकर आम जनता को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में मुफ्त बिजली तो दूर, बिजली के दाम कई गुना बढ़ा दिए गए और स्मार्ट मीटर लगाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया।
  डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं और पंचायतों के विकास के लिए मिलने वाला धन भी अपने खजाने में मंगवा लिया, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें नगर निकायों को मजबूत करती हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं और पंचायतों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया है।
  उन्होंने कहा कि नाहन की जनता कांग्रेस सरकार से सवाल पूछ रही है कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में शहर और क्षेत्र के लिए क्या नया किया गया। न कोई बड़ी पार्किंग बनी, न कोई नया अस्पताल, न कोई कॉलेज और न ही कोई बड़ा विकास कार्य दिखाई देता है। उल्टा स्कूल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर और पटवार सर्कल बंद किए गए। अस्पतालों के भवन निर्माण कार्यों को भी रोक दिया गया, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
  डॉ. बिंदल ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई मंचों से यह स्वीकार कर चुके हैं कि सरकार के पास विकास के लिए धन नहीं है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद कह रहे हैं कि सरकार के पास पैसा नहीं है, तो फिर नगरपालिकाओं और शहरों का विकास कैसे होगा। जनता यह सच्चाई समझ चुकी है और अब कांग्रेस के किसी भी झूठे वादे या बहकावे में आने वाली नहीं है।
  उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि जिसने साढ़े तीन वर्षों में केवल झूठी गारंटियां, महंगाई, आर्थिक बदहाली और विकासहीनता दी है, उसे नगर निकाय चुनावों में सबक सिखाया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं और भाजपा की विकासवादी सोच को जनता तक पहुंचाएं।

Gallery Section

Recent Posts

Scroll to Top