राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूँके, महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर नाहन में रोष मार्च
Main Photo Section
Main Content Section
भाजपा महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा द्वारा नाहन में राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूँके गए। राहुल गांधी द्वारा महिलाओं के खिलाफ किए गए व्यवहार के विरोध में रोष मार्च भी निकाला गया, जिसमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के पुतले फूँके गए। प्रदर्शनकारी महिलाओं में कांग्रेस नेतृत्व के प्रति भारी आक्रोश दिखाई दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जाँच, शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा और कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की माँग की।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान पर भाषण देना आसान है, लेकिन अपनी ही पार्टी के किसी सांसद पर गंभीर आरोप सामने आने पर जवाबदेही सुनिश्चित करना नेतृत्व की वास्तविक परीक्षा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपों की निष्पक्ष कानूनी जाँच होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास आपातकाल और निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने जैसे विवादास्पद फैसलों से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस नेता अपनी सरकार की विफलताओं का जवाब देने के बजाय सड़कों पर नारेबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में समय व्यतीत कर रहे हैं। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आर्थिक सुधार के क्षेत्र में वास्तव में क्या उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह भ्रम छोड़ देना चाहिए कि जनता बार-बार खोखले वादों और राजनीतिक घोषणाओं पर विश्वास कर लेगी। हिमाचल की जनता जागरूक है और अपने साथ हुई वादाखिलाफी का हिसाब माँग रही है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों, बढ़ते आर्थिक बोझ और विकास कार्यों में आई रुकावटों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी भाजपा प्रदेश के हितों, महिलाओं के सम्मान, युवाओं के रोजगार तथा आम जनता के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।




































































