नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को हाईजैक करने का प्रयास कर रही है कांग्रेस सरकार : डॉ. राजीव बिंदल

जनता के जनादेश को धनबल, सत्ताबल और नियमों में बदलाव के जरिए पलटने की साजिश : भाजपा

चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नियम बदलना लोकतंत्र और संविधान पर हमला : डॉ. बिंदल

Main Photo Section

Main Content Section

  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को हाईजैक करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार लगातार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और स्थापित परंपराओं को कमजोर करने का कार्य कर रही है।

  डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन पंचायती राज चुनावों का आयोजन अक्तूबर-नवंबर 2025 में होना चाहिए था, उन्हें जानबूझकर टालकर प्रदेश को संवैधानिक संकट की स्थिति में पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता माननीय सर्वोच्च न्यायालय की आभारी है, जिसके हस्तक्षेप और आदेशों के बाद आज ये चुनाव संपन्न हो पा रहे हैं।

  उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि प्रदेश की जनता उसकी जनविरोधी नीतियों, झूठे वादों और विफल शासन से नाराज है और चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ मतदान कर रही है। इसी कारण कांग्रेस पार्टी और सरकार अब सत्ता, धनबल और प्रशासनिक दबाव का उपयोग कर नगर परिषदों, बीडीसी और जिला परिषदों में पिछला दरवाजा अपनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।

  डॉ. बिंदल ने कहा कि 17 मई को नगर निकाय चुनाव सम्पन्न हुए, लेकिन चुने हुए पार्षदों की अधिसूचना समय पर जारी नहीं की गई। भाजपा को इस विषय पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जिसके बाद नोटिफिकेशन जारी किया गया। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को लेकर वर्षों से चली आ रही प्रक्रिया में अचानक बदलाव कर दिया गया।

  उन्होंने कहा कि सरकार ने 27 मई 2026 को अधिसूचना जारी कर नगर निकाय चुनाव नियमों में संशोधन कर दिए, जिनके अनुसार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बैठक बुलाने का अधिकार उपायुक्त को अपनी सुविधा अनुसार दे दिया गया। पहले निर्धारित समय-सीमा और प्रक्रिया के तहत चुनाव कराए जाते थे, लेकिन अब सरकार ने ऐसी व्यवस्था बनाई है जिससे चुने हुए प्रतिनिधियों पर प्रभाव डालने और राजनीतिक दबाव बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो जाने के बाद किसी भी नियम या कानून में बदलाव करना लोकतांत्रिक परंपराओं और निर्वाचन व्यवस्था की भावना के विपरीत है। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए नियमों में संशोधन कर दिया, जो अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय है।

  डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करने के बजाय उसे तोड़-मरोड़ कर अपने पक्ष में करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पंचायतों और नगर निकायों में कांग्रेस की नीतियों को नकार दिया है, लेकिन सरकार लोकतांत्रिक फैसले का सम्मान करने की बजाय सत्ता के दुरुपयोग में लगी हुई है।

  उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जनता के जनादेश के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या सत्ता के दुरुपयोग को भाजपा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।

  डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा रचे जा रहे इस पूरे षड्यंत्र के राजनीतिक परिणाम भी सामने आएंगे और प्रदेश की जनता लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को उचित जवाब देगी।

Gallery Section

Recent Posts

Scroll to Top