डीजल-पेट्रोल पर 60 पैसे की बढ़ोतरी को लेकर डॉ. राजीव बिंदल का कांग्रेस सरकार पर हमला

बोले—जनता पर लगातार टैक्स का बोझ डाल रही सुक्खू सरकार

Main Photo Section

Main Content Section

  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर प्रदेश की जनता पर लगातार नए-नए टैक्स और आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से हिमाचल की जनता लगातार महंगाई और टैक्स की मार झेल रही है तथा अब डीजल और पेट्रोल के दामों में 60 पैसे की और बढ़ोतरी कर जनता पर एक और बोझ डाल दिया गया है।
कांग्रेस ने सत्ता में आते ही डीजल पर लगाया 7 रुपये वैट
  डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद डीजल पर 7 रुपये वैट लगाया, जिसके कारण डीजल और पेट्रोल के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई। इसके बाद भी सरकार लगातार अलग-अलग नामों से नए टैक्स लगाती रही और अब 60 पैसे प्रति लीटर की और बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि तरह-तरह के नाम लेकर टैक्स बढ़ाना और जनता की जेब पर बोझ डालना कांग्रेस सरकार की कार्यशैली बन गई है। भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
बिजली की सब्सिडी खत्म, लगातार बढ़ रहे दाम
  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बिजली की दरों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बिजली पर विभिन्न प्रकार के शुल्क और टैक्स लगाए जा रहे हैं तथा लोगों को मिलने वाली बिजली सब्सिडी को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन नीतियों का सीधा असर आम उपभोक्ता की जेब पर पड़ रहा है।
राशन की सब्सिडी पर भी कैंची
  डॉ. बिंदल ने कहा कि राशन डिपो पर मिलने वाले राशन की सब्सिडी भी समाप्त की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को पर्याप्त राशन उपलब्ध नहीं हो रहा और सरकार आम आदमी की बुनियादी जरूरतों पर भी आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
  स्टाम्प ड्यूटी में 500 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। एचआरटीसी के किराए में भारी वृद्धि की गई और परिवहन क्षेत्र में मिलने वाली सब्सिडी को भी समाप्त किया गया। इस प्रकार प्रदेश की जनता पर लगातार एक के बाद एक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
60 पैसे की बढ़ोतरी से हर वर्ग होगा प्रभावित
  डॉ. बिंदल ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दामों में 60 पैसे की नई बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा प्रभाव प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर पड़ेगा। परिवहन महंगा होगा, टैक्सियों और बसों के किराए पर असर पड़ेगा तथा माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी। इसका सीधा प्रभाव किसान और बागवान पर भी पड़ेगा, क्योंकि कृषि एवं बागवानी गतिविधियों में डीजल और पेट्रोल का व्यापक उपयोग होता है। परिवहन लागत बढ़ने से दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
45 हजार करोड़ का कर्ज, फिर भी जनता पर टैक्स की मार
  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर कांग्रेस सरकार प्रदेश पर लगातार भारी कर्ज का बोझ डाल रही है और दूसरी ओर जनता की जेब से टैक्स के माध्यम से पैसा निकाल रही है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने लगभग 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया है, इसके बावजूद प्रदेश में विकास कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है।
तालाबंदी और विकास विरोधी सरकार
  डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तालाबंदी और विकास विरोधी रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से त्रस्त है। एक के बाद एक टैक्स लगाकर जनता की जेब पर बोझ बढ़ाया जा रहा है, जबकि विकास कार्यों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
जनता देगी कांग्रेस सरकार की नीतियों का जवाब
  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दिन अब ज्यादा बचे नहीं हैं। प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों का हिसाब करेगी और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।

Gallery Section

Recent Posts

Scroll to Top