“फैब्रिकेटेड और मैनिपुलेटेड खबरों से भ्रम फैलाने का षड्यंत्र—प्रदेश की जनता सब समझ रही है”: डॉ. राजीव बिंदल
“महिला आरक्षण का विरोध कर कांग्रेस ने बहनों के अधिकार छीने—28 लाख महिलाओं से किया वादा भी अधूरा”
Main Photo Section
Main Content Section
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस नेता एवं मंत्री हर्षवर्धन के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को महिला विरोधी बताना पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक भागीदारी देने का ऐतिहासिक प्रयास कर रहे हैं, तब कांग्रेस ने इसका खुलकर विरोध कर अपनी वास्तविक मानसिकता उजागर कर दी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध कर उसे गिराने का काम किया और उसके बाद जश्न मनाकर यह साबित कर दिया कि वे महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में नहीं हैं।
“जो बहनों को सत्ता में भागीदारी देने का विरोध करें, वे उनके हितैषी नहीं हो सकते,” उन्होंने कहा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाएं पिछले 42 महीनों से ₹1500 प्रतिमाह की घोषणा का इंतजार कर रही हैं।
“हर बहन के खाते में लगभग ₹60,000 आना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया—यह महिलाओं के साथ खुला छल है,” उन्होंने कहा।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महंगाई बढ़ाकर महिलाओं का जीवन कठिन बना दिया है।
“बिजली, पानी, राशन, सीमेंट और HRTC किराए में बढ़ोतरी कर तथा सब्सिडी खत्म कर माताओं-बहनों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने कहा कि जब हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही हैं, तब कांग्रेस जवाब देने के बजाय झूठी और मनगढ़ंत खबरें फैलाने में लगी है।
“फैब्रिकेटेड और मैनिपुलेटेड खबरों के जरिए भ्रम फैलाने का जो षड्यंत्र रचा जा रहा है, उसे प्रदेश की जनता भली-भांति समझ रही है,” उन्होंने दोहराया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए दोषारोपण की राजनीति कर रही है और इसके लिए जनता के धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
अंत में उन्होंने कहा:
“प्रदेश की माताएं और बहनें सब समझ चुकी हैं—कांग्रेस ने पूरी ताकत लगाकर उन्हें सत्ता में भागीदारी से दूर रखने का प्रयास किया है। आने वाले समय में महिला शक्ति इसका करारा जवाब देगी।”
Gallery Section






























































